पिटारा भानुमती का

April 12, 2008

मेरी कुर्ग यात्रा (भाग - ३)

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 9:39 pm

बारिश बहुत हो रही थी, मज़ा भी आ रहा था पर अभी बाहर निकलने की हिम्मत न थी। मैं अपने कमरे से ही नज़ारे देखता रहा।

कमरे से नज़ारा

अगले दिन की क्या योजना होगी? विचार-विमर्श हुआ और निर्धारित किया गया कि एब्बी जल-प्रपात और ब्यालाकुप्पे में स्थित बुद्ध विहार देखा जायेगा। शरत् ने हमारे लिये एक गाड़ी का प्रबंध भी करके रखा था। अगली सुबह नाश्ता करके निकला जायेगा, ऐसा विचार था। पर हममें से कुछ उत्साही लोग सुबह तड़के ही एक बार और आस-पास का इलाका छान मार आये। वे ऐसी चोटी पर चढ़कर आये जहाँ से सब कुछ साफ़-साफ़ देखा जा सकता था। वे लोग वापस आये और हम सब जीप में सवार हुये। समय था चेंगप्पा परिवार को विदा कहने का। हमने वादा किया कि अगली बार आपके यहाँ समय लेकर आयेंगे। हमारी गाड़ी अपने पहले गंतव्य स्थल एब्बी जल-प्रपात की ओर रवाना हुई।

कुछ सामान गाड़ी के ऊपर रखा था, बारिश का डर भी था। सो हमने अपने ड्राइवर अली भाई से निवेदन किया कि वे प्लास्टिक की थैलियों की व्यवस्था करके हमारा ऊपर रखा सामान ढक दें। अली भाई का घर रास्ते में ही था। अपने बेटे को आवाज़ देकर वे अंदर खाने चले गये। उनका बेटा कुछ थैलियाँ लेकर निकला और हमारे सामान को ढक कर चला गया। कुछ समय बाद हम एब्बी प्रपात पहुँचे। हल्का-फुल्का खाना खाया और प्रपात को निहारा। पानी बहुत अधिक नहीं था, पर वहाँ जाकर शान्ति महसूस हुई। थकान भी कम लग रही थी।

एब्बी जल-प्रपात

अब हम निकल पडे ब्यालाकुप्पे बुद्ध विहार की ओर। ब्यालाकुप्पे मैसूर के पश्चिम में स्थित कुशानगर नामक शहर के पास का इलाका है जिसमें १९६० के दशक में भारत आये करीब दस हज़ार तिब्बती लोग शरण ले रहे हैं। यहाँ के दर्शनीय स्थल हैं नामड्रोलिंग विहार और उससे लगा हुआ मंदिर। विहार और उसके आस-पास की सफ़ाई देखकर भ्रम हुआ कि कहीं हम भारत के बाहर तो नहीं आ गये!

बुद्ध मंदिर

इतना भव्य मंदिर तिब्बती लोगों की अपनी मातृभूमि से हज़ारों कोस दूर! भारत की यही रंग-बिरंगी विविधता मुझे अक्सर अचंभित कर देती है। मंदिर के अंदर गया तो बच्चन जी की `बुद्ध और नाचघर’ का स्मरण हो आया। भला बुद्ध और मूर्ति! कहीं मैं एक विरोधाभास के बीच तो नहीं खड़ा?इसी बौद्धिक मंथन के बीच मेरी नज़र राजस्थान से आये एक परिवार पर पड़ी। चौखट को प्रणाम करके बुद्ध की मूर्ति के सामने इस परिवार के सदस्य उसी श्रद्धा से नत-मस्तक होकर खड़े थे जैसे वे अपने किसी इष्ट देव का ध्यान कर रहे हों। जैसे भगवान हमारे, वैसे उनके“, यह भाव उनके चेहरे पर स्पष्ट था। मूर्तियाँ एक अमूर्त को मूर्त रूप प्रदान करती हैं जिस रूप में सौंदर्य के दर्शन हों, उसी में मूर्ति ढाल लो और दे दो अपने देव का सांकेतिक स्वरूप। पहले बौद्धिक मंथन का समाधान हुआ तो मैं दूसरे में उलझ गया। “विश्व के सभी लोग उसी समरसता के साथ क्यों नहीं रह सकते जिसके दर्शन मुझे अभी इस राजस्थानी परिवार में हुये - जैसे भगवान हमारे, वैसे उनके

बुद्ध मंदिर

मंदिर और उसके आस-पास घूमकर बहुत अच्छा लगा।

बुद्ध मंदिर

शाम के समय मुख्य मंदिर के सामने के दो कक्षों में जलते हुए दिये झरोखों से हमें देख रहे थे, मानो कुछ सीख दे रहे हों। वापस चलने का समय आया और हमने इन दियों से विदा ली।

अब वापस विराजपेट जाकर बंगलौर की बस पकड़ने का उद्देश्य था। रास्ते में चाय-पानी हुआ और बस के निर्धारित समय से करीब घण्टा भर पहले विराजपेट पहुँच गये। सुबह ४:३० बजे तक हम बंगलौर वापस थे। यात्रा यादगार रही। एक बार फिर जाने की इच्छा अभी भी है।

April 1, 2008

मेरी कुर्ग यात्रा (भाग - २)

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 10:03 pm

बारिश का मज़ा लेते हुए हम आगे बढ़े जा रहे थ। झाड़ियाँ-घने पेड़, सबको चीरते हुए हम सूखे तालाब के पास आ पहुँचे। यह जंगल के बीच में एक खुला स्थान था और कुछ ऊँचाई पर भी था, सो आस-पास का नज़ारा बखूबी निहारा जा सकता था। अब बारी थी मानचित्र खोलकर आगे का रास्ता समझने की। कुछ प्रबुद्ध साथियों ने इस क्लिष्ट कार्य में अपनी अकल लगाई।

dsc04125.jpg

कुछ साथी इधर-उधर ताँक-झाँक कर रहे थे और मैं अपने कैमरे मैं सबको कैद कर रहा था।

dsc04127.jpg

प्रबुद्ध साथियों को रास्ता समझने में सफलता प्राप्त हुई। आगे का रास्ता दुर्गम और संकरा था। सभी एक-दूसरे को पाँव संभालकर रखने की हिदायत दे रहे थे, खुद बेपरवाह चल रहे थे। बारिश की वजह से मिट्टी भी पोली हो चुकी थी। मुझे आभास हुआ जैसे कोई काँटा मेरे बांये पैर में चुभ रहा है। “यह सब तो होता ही रहता है, और भला वह शूरवीर ही क्या जो शूल चुभने पर ढेर हो जाये”, सो अभियान जारी रहा। “मुझे लगता है आधे से ज्यादा रास्ता तय हो गया है, पहुँचने ही वाले होंगे”, “अबे ध्यान से सुन, पानी की आवाज़ आ रही है, झरना पास ही है”, “बंगलौर वापस जाकर ’रेस’ देखेंगे” - ऐसे विचारपूर्ण संवादों को चीरती हुई एक ध्वनि सुनाई दी, “सब लोग रुक जाओ, सोमा को लीच (जौंक) ने काट लिया है!” मेरे होश गुम हो गए. जौंक काटने और सर्पदंश में अंतर करने की सुबुद्धि मुझ में थी ही नहीं। अब विचार आया कि मेरे बांये पैर में जो काँटा चुभ रहा है, कहीं वह भी जौंक तो नहीं! हिम्मत करके बांये पैर का अवलोकन किया, मेरा शक सही था! जौंक खून चूसकर मोटी हो रही थी, और मेरी हालत पतली! एक मित्र ने तुरंत मिट्टी से सना पत्थर उठाया और जौंक को परलोक पहुँचा दिया। शायद जौंक को शरीर से अलग करने का यह तरीका सही नहीं था, पर उस समय जो सूझा सो किया (शेर भी सामने आता तो उसे भी मिट्टी का ढेला उठाकर मारने का प्रयास किया जाता)। फिर देखा कि मेरे जूते के छेद में से होकर दो जौंक मेरे चरण-स्पर्श करने को उत्कंठित हैं। अब तक हिम्मत आ चुकी थी, और इन दोनों जौंकों ही हत्या का पाप मैंने अपने सिर लिया! बाकी साथियों की हालत भी ऐसी ही थी। हम जौंकों के (सुनियोजित?) आक्रमण का शिकार हो चुके थे! “अब क्या करें? वापस चला जाये क्या?” विचार-विमर्श होने लगा। मेरा कायर मन कह रहा था कि, चलो भाग चलो, पर होठों ने मन का साथ नहीं दिया और कमबख्त बोल उठे “कुछ दूर ही तो है, इतना आ गये हैं तो पूरा करके ही जाते है।” बाकी सब के होठों की भी यही राय थी। जल-प्रपात कुछ ५०० मीटर भर दूर था। जौंक चिपकती रहीं, शूरवीर बढ़ते रहे। जल-प्रपात के आधार तक हम पहुंचे, पर जौंकों के कारण सम्पूर्ण मनोयोग से आनन्द न ले सके। फिर भी बहुत अच्छा लग रहा था। अब बारी थी वापसी की। रास्ता बहुत लम्बा लग रहा था। किसी तरह सूखे तालाब तक वापस आये। यहां जौंक नहीं थीं। सबने एक दूसरे की जौंक छुड़ायीं। रक्तरंजित पाँव हमारी वीरता की कहानी कह रहे थे। सहसा किसी के मुख से निकला एक समीकरण - “लीच + कीचड़ = लीचड़”; हमारे सुमुख से तत्काल उद्धृत हुआ “व्हाट ए बैड जौंक!”

dsc04142.jpg

भोजन के समय से कुछ पहले हम वापस “हनी वैली एस्टेट्” आ गये। तैयार होकर भोजन करने गये और शरत् को अपना यात्रा वृतांत सुनाया। शरत् ने बताया कि जंगल के इस भाग को “लीच पैलेस” कहते हैं। हमें आभास हुआ कि अभियान पर निकलने से पहले हमें शरत् से सविस्तार विचार-विमर्श करना चाहिये था। भोजन बहुत अनूठा था; इसकी विशेषता थी कि अगर कोई विदेशी इस भोजन को खाये तो उसे बहुत मसालेदार न लगे और कोई देसी खाये तो उसे फीका न लगे। भोजन के उपरान्त कुछ ने आराम किया और कुछ निकल गये आस-पास के क्षेत्र में तस्वीरें खींचने। (क्रमश :)

March 30, 2008

मेरी कुर्ग यात्रा (भाग - १)

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 4:05 pm

कर्नाटक के दक्षिण पश्चिम में बसा कुर्ग अपनी प्राकृतिक सुन्दरता का अनूठा उदाहरण है। पश्चिमी घाट के पूर्व में बसा यह स्थान जितना खूबसूरत है उतने ही यहाँ के लोग। इस बार सोचा कि यहीं होकर आया जाये। मित्रों की टोली इकट्ठी हुयी और सब निकल पड़े बंगलौर से कुर्ग की हसीन वादियों की तरफ़। और सबसे अच्छी बात यह कि हमारे ठहरने की व्यवस्था किसी होटल में न होकर चारों ओर जंगल से घिरे चेंगप्पा परिवार के “हनी वैली ऐस्टेट्” में थी। कभी चेंगप्पा परिवार का व्यवसाय मधुमक्खी पालन हुआ करता था परंतु थाइलैण्ड से आये हुये एक वायरस के कारण उन्हें यह कार्य सीमित करना पडा। फिर उन्होंने निर्णय लिया कि वे हम जैसे सैलानियों का स्वागत अपने घर में करेंगे। अतिथि-गृह तैयार हुये उनके ही घर के पास और हम जैसे कंजूस लोगों को बहुत कम खर्चे में ऐसे मनोरम स्थल पर जाकर स्वयं को धन्य करने का मौका मिला।

२२ मार्च की सुबह हम कर्नाटक राज्य परिवहन की बस से विराजपेट पहुँचे। वहाँ से कब्बीनाकाड के लिये जीप पहले ही आरक्षित करा चुके थे सो निकल पड़े जीप में। जीप रुकी तो आस पास कुछ भी नज़र नहीं आया। “भैया, कहाँ छोड़ के जा रहे हो यार”? इतने में ही श्रीमान चेंगप्पा मुस्कुराते हुये हमारे सामने उपस्थित हुये। उन्होंने बताया कि अब वे स्वयं हमें पहाडी पर स्थित अपने “हनी वैली एस्टेट्” में लेकर जायेंगे। रास्ता दुर्गम था और बेहद सुन्दर। (वैसे भी लालची मनुष्य जहाँ जहाँ आसानी से पहुँच जाता है वह स्थान असुन्दर हो जाता है, सो दुर्गम रास्ते खूबसूरत होंगे ऐसी अपेक्षा की ही जा सकती है।)

dsc04113.jpg

ऐसी खूबसूरती बटोरते हुये हम कुछ देर बाद अपने पड़ाव पर आ पहुँचे। क्या हम रहेंगे यहाँ! हुर्रे मुझे विश्वास हो चला कि अवश्य पिछले जन्म के सुकर्मों का फल होगा यह!

dsc04155.jpg

सबने तैयार होकर श्रीमती चेंगप्पा और उनके सहयोगियों के हाथ का बना लज़ीज़ नाश्ता किया। फिर शरत् (चेंगप्पा परिवार का पुत्र,जो होटल प्रबंधन में परास्नातक भी है और सभी सैलानियों का खयाल रखता है) को पकड़ा और पूछा कि भाई बताओ अब क्या करें। शरत् ने तुरंत एक छोटी सी पुस्तक हमारे हाथ में थमा दी। उस पुस्तक में आस पास के इलाके का मानचित्र था। चलो, जंगल छान मारते हैं बहुत मज़ा आयेगा। सर्वसम्मति से निर्णय हुआ कि जल-प्रपात के एकदम नीचे जाते हैं। मानचित्र तो साथ है ही। बारिश हो रही थी तो लगा कि मज़ा दुगना हो जायेगा। कुछ ने हाथ में छतरी ली, कुछ ने बरसाती ओढी और सब निकल पडे पा पा पैंयां छप छप छैयां करते हुये… (क्रमश :)

March 6, 2008

बज्मे-शाही में ग़रीबों का गुज़र

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 6:25 pm

“बज्मे-शाही में ग़रीबों का गुज़र, क्या मानी”

reality.jpg

आज जब ये खबरें एक साथ देखीं तो साहिर की कविता ताज महल की ये पंक्तियाँ स्वत: याद आ गईं. जब मैं मुम्बई में रहता था तो अक्सर कफ़ परेड स्थित अम्बानी भाई के बंगले के सामने से गुजरना होता. सड़क के एक ओर रईस लोगो की तिजोरी और दूसरी तरफ़ मच्छिमार नगर में मछली पकड़कर पेट भरने वालों की झुग्गी बस्ती, कितना बड़ा विरोधाभास था सड़क भर के फासले पर. यही विरोधाभास दुनियाँ का बहुत बड़ा सच है!

विश्व में गरीबी से बड़ी समस्या है पैसे का वितरण! कुछ लोग चिकन बर्गर खाकर मोटे हो रहे हैं और दूसरी ओर लोग चूहे मारकर खाने को विवश हैं, अथवा स्वयं काल का ग्रास बन रहे हैं. पैसे के वितरण का आधार क्या है आख़िर? बुद्धि, शक्ति अथवा दूसरे का शोषण कर पाने की कला? या फिर केवल हाथ की लकीरें? क्या विश्व में ऐसी व्यवस्था कायम नहीं हो सकती जिसकी नींव मुहम्मद यूनुस साहब कुछ दशक पहले ही रख चुके हैं? जिनकी तिजोरियाँ भर चुकी हैं क्या उनका यह दायित्व नहीं कि वे पैसे की गिनती छोड़कर ऐसी व्यवस्था कायम करने आगे आयें?

वैसे वारेन बफेट साहब ने बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउन्डेशन में बहुत आर्थिक योगदान दिया है, आशा है उनका यह पैसा बी.बी.सी. समाचार में उनसे अंगुली भर के फासले पर बैठे जरुरतमन्द लोगों तक पहुँच सकेगा. वैसे मेरी समझ से बफेट साहब और यूनुस साहब के गरीबों के प्रति योगदान में मूल अंतर यह भी है कि यूनुस साहब का योगदान न सिर्फ आज गरीबों का पेट भरता है, बल्कि उन्हें कल के लिये सक्षम भी बनाता है, उन्हें यह सिखाता है कि वे “चैरिटी” के पात्र मात्र नहीं हैं.

October 29, 2007

आइये पल्ला झाड़ें

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 6:25 pm

आज बी.बी.सी. की अंग्रेज़ी वेब-साइट पर देखा कि कपड़ों की एक नामी-गिरामी ब्राण्ड पर बाल मजदूरी करवाने का आरोप लगा है. वैसे सस्ते श्रम की उपलब्धता के कारण अच्छी से अच्छी कम्पनियों के कपड़े “मेड इन इण्डिया” या “मेड इन बंगलादेश” होते हैं, यह सर्वविदित है. कम्पनियाँ चाहती हैं कि सस्ती लागत में उनका काम चल जाये. वैसे इस सस्ती लागत का प्रभाव कीमतों पर ज़रा भी नहीं पड़ता! हमें कपड़े नहीं, उस पर छपे ठप्पे के नाम पर पैसे देने की आदत हो चली है, स्टेटस जो मैंटेन करना है!

मजेदार बात तो यह है कि उनके विज्ञापन का खर्चा भी हमारी जेब से जाता है. कम्पनी की आय का कितना हिस्सा श्रमिकों के हिस्से जाता होगा, पता नहीं. पर इस कम्पनी को कपड़े उपलब्ध कराने वाली एक फ़ैक्टरी लिये काम करने वाले १० साल के एक बच्चे को चार महीने से उसका वेतन नहीं मिला था! अब कहा जा सकता है कि इस मामले में कम्पनी को क्यों घसीटा जाये, उसका तो ऐसी घटना से कोई सीधा सम्बन्ध नहीं है, गलती है तो फ़ैक्टरी की. कम्पनी तो खुद फ़ैक्टरी से माल खरीद रही है. हम भी परवाह क्यों करें, हमारी जिम्मेदारी तो ठप्पे की कीमत चुकाने के साथ ही खत्म हो जाती है. हम इस ठप्पे से आने वाले अपने सोशल स्टेटस के लिये १००० रुपये अधिक खर्च कर सकते हैं, पर घर की छत से दिखने वाली झुग्गी बस्ती में रहने वाले १० साल के रमेश की पढ़ाई के लिये २०० रुपये खर्च करने का विचार तक हमारे मन में नहीं आता. रमेश के माँ-बाप के पास भी पैसा नहीं है, इसीलिये वह पास की फ़ैक्टरी में शाम को कपड़ा काटने जाता है, धीरे-धीरे काम सीख जायेगा. पर जाने दीजिये, हमें क्या मतलब. हमारी ब्राण्डेड जींस का कपड़ा रमेश काटे या सुरेश, हमें क्या फ़र्क पड़ता है पर हम अपनी जेब फ़लाँ-फ़लाँ कम्पनी से ही कटवायेंगे यह स्टेटस वाली बात है.

बात पता नहीं कहाँ से कहाँ आ गई, पर मुझे यह समझ नहीं आया कि बाल-श्रम के लिये जिम्मेदार कौन हुआ? कम्पनी, फ़ैक्टरी या बच्चे के माँ-बाप? हम तो जिम्मेदार नहीं हैं, यह पक्की बात है!

July 21, 2007

कुछ सपनों के मर जाने से

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 3:13 pm

कल राह चलते एक ऐसे व्यक्ति से भेंट हुई जिनके दोनों हाथ नहीं थे. उम्र होगी कोई ३५ वर्ष. पास आकर अंग्रेज़ी में बोले “प्लीज़ हेल्प, आई एम हैन्डीकैप्ड विद हैन्ड्स”. उनका आशय था कि मैं उन्हें कुछ रुपये दे दूँ. मैं सोचने लगा क्या परिस्थितियाँ सचमुच एक अच्छे-भले आदमी को इतना बेबस बना देती हैं कि वह हाथ फैलाने पर मजबूर हो जाये?

एक घटना याद आती है, जो अमेरिका के न्यायाधीश विलियम डगलस के साथ  हमारे ही देश में घटित हुई (उत्तर प्रदेश शिक्षा बोर्ड की अंग्रेज़ी की इंटर की पाठ्य पुस्तक में इस घटना का वर्णन है). बात उन दिनों की है जब देश नया-नया आज़ाद हुआ था. विभाजन की त्रासदी से जूझ रहे कई परिवार दोनों ओर से सरहद पार कर अपनों से दूर अनजान हवाओं में सांस लेने पहुंच रहे थे, सिर्फ़ इस विश्वास के साथ कि वहाँ उनकी धार्मिक मान्यतायें अधिक सुरक्षित रह सकेंगी. डगलस महोदय उस समय दिल्ली से बरेली तक की रेलयात्रा कर रहे थे. नये देश की नब्ज़ टटोलने वे स्टेशनों पर उतरकर आम लोगों से  बात करते थे. रास्ते में कोई छोटा सा स्टेशन आया, डगलस उतरे और इतने में ही सरहद की दूसरी ओर से अपने परिवार के साथ आयी आठ-नौ साल की बच्ची उनके पास गुलदस्तों से भरी एक टोकरी लेकर आयी. उसने डगलस महोदय से कुछ गुलदस्ते खरीदने का आग्रह किया. बच्ची की स्थिति देखकर उन्हें तरस आया और उन्होंने पूरी टोकरी की कीमत पूछी. बच्ची ने खुशी-खुशी पूरा हिसाब लगा दिया. डगलस बच्ची को उतनी कीमत देकर बोले कि वे इतने सारे गुलदस्ते अपने साथ ले जाने में सक्षम नहीं हैं अत: वह बच्ची उनकी ओर से ये सारे गुलदस्ते उपहार स्वरूप रखे. बच्ची ने उनकी आँखों में झाँका और तुरंत यह प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया! डगलस भौंचक्के रह गये. जैसा कि उन्होंने अपने संस्मरण में लिखा, उस बच्ची में उन्हें “भारत की सजीव आत्मा के दर्शन हुये”. विपरीत परिस्थितियों ने उस बच्ची को तोड़ा नहीं, बल्कि भविष्य में आने वाली चुनौतियों से जूझने की क्षमता प्रदान की. धन्य रहे होंगे वे माता-पिता जिनकी छत्र-छाया में बच्ची में ऐसे संस्कार आरोपित हुये.

मुझे कुछ ऐसा ही एक और अनुभव तब हुआ जब मैं एक सुपर-मार्केट में घूम रहा था. हाथ से बनाई हुयी कुछ पेंटिंग्स से सजे हुये कुछ बधाई-पत्रों ने मुझे सहज आकर्षित किया और मैंने कुछ बधाई-पत्र खरीद भी लिये. घर आकर इन बधाई-पत्रों को अलट-पलट कर देखा तो पता चला कि ये पेंटिंग्स हाथ से नहीं बनीं थीं क्योकि इन्हें बनाने वाले कलाकारों के हाथ तो थे ही नही! इन्हें बनाने वाली कम्पनी का नाम था “द माउथ एण्ड फ़ुट पेंटिंग्स आर्टिस्ट्स“. जी हाँ, आप सही समझ रहे हैं!

हम सबके जीवन में चुनौतियां आती ही हैं. कुछ बिखर जाते हैं, तो कुछ निखर जाते हैं. फ़र्क है सिर्फ़ जीवन के प्रति दृष्टिकोण का. नीरज की पंक्तियाँ “कुछ सपनों के मर जाने से, जीवन नहीं मरा करता है” सचमुच कितनी सच्ची हैं.  बँटवारे के समय की वो बच्ची जिन्होंने डगलस महोदय और हम सबको जीवन की इतनी बड़ी सीख दी, आज दुनियाँ में हों, न हों, पर उनकी सोच जरूर जिन्दा है. यही सोच हमें बीते हुये कल की छाया आज पर न डालकर अपने आज की रोशनी से आने वाले कल को रोशन करने की प्रेरणा देती रहेगी.

June 29, 2007

मुग़ल-ए-आज़म के संवाद

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 8:36 pm

हिन्दी सिनेमा में जब भी संवादों की बात निकलती है तब शोले फ़िल्म की याद आने लगती है. गब्बर सिंह का “कितने आदमी थे” से लेकर “बहूत याराना लगता है“, हर एक डायलॉग कोई भी सिनेमाप्रेमी आपको चुटकियों में सुना देगा.

साठ के दशक की शुरुआत में बनी के. आसिफ़ की मुग़ल-ए-आज़म. इस फ़िल्म को “कार्य के प्रति समर्पण” का अनूठा उदाहरण माना जा सकता है. फ़िल्म तो पूरी बनकर १९६० में ही रिलीज़ हो सकी, परन्तु के. आसिफ़ ने १९४४ से ही इस फ़िल्म को बनाने की ठान ली थी, और उस समय उनकी उम्र थी मात्र २० वर्ष! मुग़ल-ए-आज़म के संवादों ने अपनी खूबसूरती के कारण मेरे ऊपर अमिट छाप छोड़ी है और आज उन्हीं की चर्चा. यह स्मृति के आधार पर है, अत: संवादों के कुछ शब्दों में हेर-फेर संभव है.

  • शहंशाह की बेहिसाब बख्शीशों के बदले ये कनीज़ जलालुद्दीन मोहम्मद अकबर को अपना खून माफ़ करती है.” - अनारकली (अकबर से)
  • जनाज़ा रुख़सत की इजाज़त चाहता है. - अनारकली (अकबर से); इससे मिलता जुलता भाव नई उमरावजान (२००६) के गीत “पूछ रहे हैं पूछने वाले” की आरंभिक पंक्तियों में मिलता है (”अब जनाज़े को तो रुख़सत की इजाज़त मिल जाये”)
  • खय्याम की शायरी अगर किसी पत्थर पर लिख दी जाये तो क्या उसके मायने बदल जायेंगे?” सलीम (दुर्जन से)
  • का़तिल ही नही, दिलदार भी है, शाख़-ए-गुल भी है, तलवार भी है.“ - सलीम (दुर्जन से, अपनी तलवार के बारे में)
  • हम अपने बेटे के धड़कते हुए दिल के लिये हिन्दुस्तान की तकदीर नहीं बदल सकते.” - अकबर (जोधाबाई से?)
  • हम मोहब्बत के दुश्मन नहीं, अपने उसूलों के ग़ुलाम हैं.” - अकबर (जोधाबाई से?)
  • मोहब्बत करके देखिये, डर भाग जायेगा.” - सुरैया [अनारकली की बहन] (दुर्जन से)
  • कदम बोसी को राहें मुन्तज़िर हैं.” - बहार (अकबर से)

और अन्त में… पूरी फ़िल्म में मेरी सबसे प्रिय पंक्ति:

कांटों को मुरझाने का खौफ़ नहीं होता !” - अनारकली (सलीम से).

June 23, 2007

बूढ़े बाबा, सुनीता जी और भारत रत्न

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 4:22 pm

भारत भूमि पर रत्नों की कमी नहीं है. न जाने कितने अनमोल रत्न हर गाँव, हर गली में मिल जाते हैं अनायास ही, और हमारे-आपके बीच ही! वे कभी गाँव की कन्या पाठशाला की मास्टरनीजी के रूप में मिलते हैं, जिन्होंने न जाने कितने जीवनों को एक नई दिशा दी, कभी चिलचिलाती धूप में खेतों पर काम करते किसान के रूप में, तो कभी कड़ाके की सर्दी में सीमाओं की रक्षा करते हुए उस नवयुवक के रूप में जिसने अपना सारा जीवन देश के नाम लिख दिया है. धन्य है माँ भारती ऐसे रत्न पाकर! यदि भारत सरकार ऐसे सभी रत्नों को “भारत रत्न” से अलंकृत न कर सके तो भी वे भारतवासियों के हृदय में सदैव जड़े रहेंगे.

मुझे भी ऐसे रत्नों के दर्शन अक्सर होते रहे हैं, उनमें से एक हैं ये बूढ़े बाबा जिनको शायद आपने भी देखा होगा.

बरसों के अनुभव से पके हुये इस चेहरे पर भारतवासी होने का गर्व स्पष्ट झलकता है. ये बूढ़े बाबा उन सभी भारत रत्नों के प्रतिनिधि हैं जिनका मेरे हृदय में विशेष स्थान है और जिनके अनकहे, अनलिखे जीवन-दर्शन के कारण इस भूखण्ड की मिट्टी की गंध पहचानने लायक बन सका हूँ मैं!

आज एक चिट्ठे पर अंतरिक्ष का चक्कर लगाकर आने वाली सुनीता विलियम्स जी को “भारत रत्न” देने की हिमायत की गई. भारत सरकार किसे सम्मानित करे, किसे नहीं - यह मेरे लिये गौण प्रश्न है. जिस दिन देश की सभी आँखें इन बूढ़े बाबा जैसे अनेक रत्नों की परख कर पाने में सक्षम होंगी उस दिन किसे भारत रत्न मिलना चाहिये और किसे नहीं - ऐसे प्रश्न निरर्थक हो जायेंगे और देश एक नई राह पर चल पड़ेगा. उस दिन की प्रतीक्षा है मुझे!

(यदि आप ऊपर की तस्वीर वाले बाबा को ना पहचान पा रहे हों तो यहाँ जाकर उनसे परिचित हो लीजिये).

April 23, 2007

प्रयाग में सूर्यास्त

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 4:48 pm

अभी काम के सिलसिले में प्रयाग जाना हुआ. सौभाग्य से मैं गंगा के पास ही ठहरा था. गंगा में सूरज को डूबते देखना विलक्षण अनुभव रहा; मानो थका-हारा सूरज किसी घाट पर हाथ-मुँह धोने आया हो.

dsc02887-1.jpg

आप भी देखिये यह नज़ारा.

March 4, 2007

जीवन के रंग

Filed under: अश्रेणीबद्ध — अमित @ 9:21 pm

होली बीत गयी. आशा है होली ने सबके जीवन में नया रंग भरा होगा. पर उनका क्या जो रंगों को सिर्फ़ छू सकते हैं देख नहीं सकते? उनके जीवन में रंग कौन भरेगा? शायद मैं और आप!

एक अच्छा संदेश इतने बेहतरीन ढंग से देने के लिये कोड रेड फ़िल्म्स को बधाई.

Older Posts »

Blog at WordPress.com.